दमकल विभाग के कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर पाया काबू
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले में दिवाली की रात जहां लोगों ने खुशियां मनाई, जमकर पटाखे फोड़े, वहीं, दूसरी ओर इन्हीं पटाखों व अन्य कारणों से करीब 25 जगहों पर आग लगने की घटनाएं सामने आईं। इनमें सारण गांव में कबाड़ी के गोदाम में आग, डबुआ सब्जी मंडी के बाहर कूड़े में आग, सेक्टर-22 में एक वर्कशॉप में आग और मछली मार्केट के पास कूड़े में लगी आग आदि शामिल हैं। हालांकि, दमकल विभाग के कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया।
इन स्थानों पर लगी आग
दिवाला पर सारण गांव में कबाड़ी के गोदाम में आग, डबुआ सब्जी मंडी के बाहर कूड़े में आग, सेक्टर-22 की वर्कशॉप, मछली मार्केट के पास कूड़े में आग, सराय ख्वाजा में स्थित निशान के सर्विस सेंटर में तीन गाड़ियों में हल्की आग, बल्लभगढ़ रेलवे रोड पर कूड़े में आग, राहुल कॉलोनी की एक मकान की छत पर आग व सेक्टर- 24 स्थित एक डाई कास्टिंग कंपनी में आग व शिव कॉलोनी स्थित मंगलम बिस्तर हाउस में आग लगने की घटनाएं सामने आईं। इसके अलावा अन्य इलाकों में भी मामूली आगजनी की वारदातें सामने आईं। इन आगजनी में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।
मंगलम बिस्तर हाउस में आग लगने से लाखों रुपये का हुआ नुकसान
ओल्ड फरीदाबाद शिव कॉलोनी स्थित मंगलम बिस्तर हाउस में दिवाली पर आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने का कारण अभी तक पता नहीं चल सका है। मंगलम बिस्तर हाउस के मालिक संजय कक्कड़ ने बताया कि रात करीब 2 बजे पड़ोसियों का उन्हें सूचना दी। जब तक वे पहुंचे तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया था। इसके बाद मौके पर पहुंची दमकल विभाग के कर्मियों ने डेढ़ घंटे मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। संजय कक्कड़ ने बताया कि उन्हें लगभग सात- आठ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। गोदाम में रुई से बनी रजाइयां, गद्दे, फोम के गद्दे तकिया, चादरें रखी हुई थीं, जिन्हें वह शादी-विवाह समारोह में किराये पर देते थे।
आगजनी की 25 घटनाओं की मिली सूचना
एनआईटी फायर स्टेशन प्रभारी सुखबीर यादव ने बताया कि दिवाली की रात आग लगने की कुल 25 घटनाओं की सूचना मिली थी। ज्यादातर आग कूड़े के ढेरों में लगी थी, जबकि दो-तीन जगहों पर घरों में मामूली आगजनी की घटनाएं सामने आईं। जिन पर भी समय रहते नियंत्रण पा लिया गया। दिवाली के मौके पर अक्सर ऐसी घटनाएं सामने आती हैं, इसलिए दमकल विभाग पहले से ही सतर्क था। सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई थीं। सभी कर्मी अपने स्टेशन पर ड्यूटी के लिए तैनात थे। सभी कर्मचारी पूरी रात ड्यूटी पर रहे और हर कॉल पर तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का कार्य किया।