दमकल की तीन गाड़ियों ने आग पर पाया काबू
आगजनी में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। नगर निगम के सभागार परिसर में बृहस्पतिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे आग लग गई। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार, सभागार में नगर निगम की ओर से प्रचार-प्रसार के लिए रखे गए फ्लेक्स बोर्ड और अन्य सामग्री में आग लगी थी, जो जलकर राख हो गई। घटना के समय आसपास निगम की कई गाड़ियां भी खड़ी थीं, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई थी। वहीं, दूसरी ओर नगर निगम की भी लापरवाही बताई जा रही है। परिसर में लंबे समय से फ्लेक्स बोर्ड रखे हुए थे, जिन्हें हटाया नहीं गया। इसके साथ ही कई वाहन भी खड़े थे, यदि उसमें आग लगती तो बड़ा हादसा हो सकता था। दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दोपहर करीब डेढ़ बजे आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद कार्रवाई करते हुए टीम मौके पर रवाना की गई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच में जुटी है।