दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया गया काबू
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। सेक्टर-59 स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में गर्ग पॉलीमर नाम की कंपनी में बृहस्पतिवार की सुबह अचानक आग लग गई। कंपनी में प्लास्टिक बनाने का कार्य किया जाता है। आग लगने से आसमान में धुएं का गुब्बार दिखने लगा। सूचना मिलने पर पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की करीब 10 से अधिक गाड़ियों ने 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
फायर ब्रिगेड कर्मी रामधन ने बताया कि छत पर जाने का रास्ता बंद होने की वजह से टीम दूसरी कंपनी की छतों पर गई और आग पर काबू पाया। कंपनी में प्लास्टिक की वजह से आग लगातार फैल रही थी।
सेक्टर-58 थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि घटना में कंपनी में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया है। किसी की जान को कोई नुकसान नहीं हुआ है। वहीं कंपनी के मालिक के दोस्त का आरोप है कि कंपनी में करोड़ों रुपये का सामान रखा हुआ था जो कि जल गया है।