10 से 13 घंटे तक करते थे काम, 10 से 11 हजार रुपये मिलती थी मासिक मजदूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। नीलम बाटा रोड स्थित ट्रिपल नाइन रेस्त्रां में बाल श्रम का मामला सामने आने पर पुलिस ने संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। जिला टास्क फोर्स की टीम ने रेस्त्रां से तीन नाबालिग बच्चों को रेस्क्यू किया है।
पूछताछ में बच्चों ने रोजाना करीब 10 से 13 घंटे तक काम करने और 10 हजार से 11.5 हजार रुपये मासिक वेतन मिलने की जानकारी दी। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि 20 अगस्त को मिली सूचना के आधार पर जिला टास्क फोर्स और बाल संरक्षण इकाई की टीम ने नीलम बाटा रोड, एनआईटी-1 स्थित ट्रिपल नाइन रेस्त्रां में छापा मारा। यहां निरंजन बोरा, मुन्ना दास और सुमित नाम के तीन बच्चों को काम करते हुए पाया गया। उनकी उम्र करीब 15 से 16 वर्ष बताई गई है। काउंसलिंग के दौरान निरंजन ने बताया कि वह करीब चार महीने से काम कर रहा था और उसे 11 हजार रुपये मासिक नकद मिलते थे। वह सुबह 10 बजे से रात 11:30 बजे तक काम करता था। सुमित ने बताया कि वह भी करीब 4 महीने से काम कर रहा था और उसे 11,500 रुपये मासिक मिलते थे। वह सुबह 10:30 बजे से रात 11:20 बजे तक काम करता था। मुन्ना ने बताया कि वह करीब एक वर्ष से काम कर रहा था और उसे 10 हजार रुपये मासिक मिलते थे। पुलिस ने शिकायत और जांच के आधार पर रेस्त्रां संचालक के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम, 2015 की धारा 79 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।