पलवल।
ऑनलाइन निवेश और मुनाफे का झांसा देकर एक महिला से 1.43 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। साइबर क्राइम थाना पलवल पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
साइबर क्राइम थाना प्रभारी नवीन के अनुसार ककड़ीपुर निवासी हर्षा वंशी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 8 जुलाई को इंस्टाग्राम पर ऑनलाइन बिजनेस से संबंधित एक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन के जरिये आरोपियों ने टेलीग्राम पर संपर्क किया और प्रोडक्ट खरीदने व निवेश करने पर लाभ देने का लालच दिया। पीड़िता ने शुरुआत में 2500 रुपये भेजे, जिसके बाद अलग-अलग किस्तों में 19 हजार, 42 हजार और 40-40 हजार रुपये आरोपियों के खातों में ट्रांसफर कर दिए।
पीड़िता के अनुसार रकम उसकी ऑनलाइन शॉपिंग आईडी पर दिखाई जा रही थी, लेकिन पैसे निकालने पर आरोपियों ने आईडी फ्रीज होने का बहाना बनाकर एक लाख रुपये और जमा करने को कहा। पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।