जांच के बाद ओल्ड फरीदाबाद थाने में प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शेयर बाजार में निवेश पर हर महीने 10 फीसदी मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 17.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी और रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में ओल्ड फरीदाबाद थाना पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
मेरठ के सोमदत्त विहार निवासी सतीश चंद अग्रवाल ने शिकायत में बताया कि उसकी करीब पांच वर्ष से न्यू बसेलवा कॉलोनी, सेक्टर-29 निवासी हेमंत कुमार शर्मा से जान-पहचान थी। आरोप है कि 14 अगस्त 2025 को हेमंत ने उसे अपने घर बुलाकर शेयर बाजार की एक योजना में निवेश करने पर हर महीने 10 प्रतिशत लाभ देने का भरोसा दिलाया। भरोसा कर शिकायतकर्ता ने अलग-अलग तिथियों में कुल 17.50 लाख रुपये आरोपी को दे दिए।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब उसने मुनाफा और अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने रुपये लौटाने से इनकार कर दिया। साथ ही पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर कानूनी कार्रवाई और अपनी राशि वापस दिलाने की मांग की। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि जांच और शिकायत का सत्यापन करने के बाद मामला दर्ज करने योग्य पाया। थाना ओल्ड फरीदाबाद में चार अगस्त को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।