अलग अलग थानों में दर्ज की गई प्राथमिकी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए तीन सड़क हादसों में तीन युवक घायल हो गए। तीनों मामलों में घायलों का अस्पताल में उपचार चला। चिकित्सकों द्वारा पहले बयान देने के लिए अयोग्य घोषित किए जाने के कारण तत्काल प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी। बाद में बयान दर्ज होने पर पुलिस ने संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ धारा 281 और 125(ए) बीएनएस के तहत अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भूपानी थाना क्षेत्र में सोनीपत के जैनपुर निवासी मोहित तीन अगस्त को सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार बुलेट ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में उसके सिर और दाहिनी कोहनी पर गंभीर चोटें आईं। राहगीरों ने उसे सेक्टर-88 स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों से फिट घोषित होने के बाद पुलिस ने चार अगस्त को अज्ञात बुलेट चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।
दूसरे मामले में मूल रूप से पलवल के लालपुर कदीम निवासी कृष्ण एक अगस्त को दिल्ली से बल्लभगढ़ लौट रहा था। सेक्टर-19 स्थित निजी स्कूल के पास एक लोडिंग टेंपो चालक ने ओवरटेक के दौरान अचानक कट मार दिया, जिससे उसकी बाइक टेंपो से टकरा गई। घायल कृष्ण को पहले बीके अस्पताल और बाद में अन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया। तीन दिन बाद बयान दर्ज होने पर थाना ओल्ड फरीदाबाद पुलिस ने टेंपो चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।
वहीं, सूरजकुंड थाना क्षेत्र में 28 जुलाई को प्रह्लादपुर रोड पर नई दिल्ली निवासी अजरुद्दीन खान की बाइक को पीछे से डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद डंपर उसके बाएं हाथ के ऊपर से गुजर गया और चालक वाहन लेकर मौके से भाग गया। घायल का अस्पताल में उपचार होने के बाद, सात दिन बाद बयान दर्ज होने पर पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।