दुकान मालिक ललित बंसल ने दी पुलिस को शिकायत
आरोप लगाया कि हन्नी नामक युवक ने प्रतिबंध के बावजूद पटाखा जलाया तो दुकान में लगी आग
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। एनआईटी इलाके में 21 अक्तूबर की देर रात पटाखे से दो दुकानों में आग लगने के मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। आस-पास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक करने के बाद दुकान मालिक ने आरोप लगाया है कि पास में रहने वाले हन्नी नामक युवक ने पटाखा जलाया था और इसी से आग लगी। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर कोतवाली थाना की टीम जांच कर रही है।
एनआईटी इलाके में 21 अक्तूबर की देर रात लगभग 11 बजे एक शादी कार्ड बेचने वाले और फोटोग्राफर की दुकान में आग लग गई थी। मामले में अब ललित बंसल ने पुलिस को शिकायत दी है कि सरकार व प्रशासन ने दिवाली पर पटाखे जलाने के लिए समय सीमा तय की थी। इसके बावजूद लोग देर रात तक पटाखे जला रहे थे। आरोप है कि एक युवक ने उनकी एनआईटी एक स्थित दुकान के सामने राॅकेट व अन्य तेज आग वाले पटाखे जलाए। इनके चलते उनकी दुकान में आग लग गई। इससे पहले कि आग पर काबू पाया जाता उसकी चिंगारी से साथ वाली फोटोग्राफर की दुकान में भी आग लग गई। इससे उनका लाखों का नुकसान हुआ है। घटना के बाद सीसीटीवी देखने पर पता लगा कि उनकी पड़ोस में रहने वाले हन्नी ने उनकी दुकान के सामने पटाखे चलाए जिससे ये हादसा हुआ। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।