पुलिस जल्द महिला व युवती से कर सकती है पूछताछ
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। चार्मवुड विलेज स्थित कैनवुड सोसाइटी में कुत्तों को खाना खिलाने वाली महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। कुत्तों को खाना खिलाने को लेकर महिलाओं और सोसाइटीवासियों के बीच शनिवार देर रात शुरू हुआ हंगामा रविवार तड़के चार बजे तक चला। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि मामले में जांच शुरू की गई है। जल्द ही महिला व युवती से भी पूछताछ की जाएगी।
कैनवुड सोसाइटी में रहने वाले लोगों के अनुसार समीप स्थित रॉयल रिटेट सोसाइटी की महिलाएं कुत्तों को खाना खिला रही थी। सोसाइटी के लोगों का आरोप है कि इस दौरान कुत्ते ने डिलीवरी बाॅय पर हमला कर दिया। इसको लेकर डाॅग लवर महिलाओं और डिलीवरी लेने के लिए आए सोसायटी वासी के बीच बहस शुरू हो गई। दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि पुलिस को इस मामले में हस्तक्षेप करना पड़ा। इससे पहले भी कई सोसाइटीज में इसको लेकर विवाद हो चुका है।
लोगों ना आरोप लगाया है कि डाॅग लवर महिलाओं ने एक महिला और दस साल के बच्चे पर पेपर स्प्रे कर दिया। निवासियों ने बताया कि खाने खिलाने को लेकर पहले भी विवाद हो चुका है, लेकिन वे गंभीर नहीं है। सोसाइटी में बढ़ रहे कुत्तों के हमले के मामले से निवासियों में भय का माहौल है। हालांकि डाॅग लवर महिलाएं वन्य जीवों से संबंधित एक संस्था से जुड़ी हुई हैं। उनका कहना है कि डिलीवरी बॉय बाइक से नीचे गिरा है, उसे कुत्ते ने नहीं काटा है।