बेटे का आरोप- आरोपियों ने पहले भी दी थी जान से मारने की धमकी
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। गांव ताजूपुर निवासी युवक ने अपने पिता मुकेश कुमार की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए थाना सदर बल्लभगढ़ में शिकायत दी है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि करीब चार-पांच महीने पहले उसके पिता का पड़ोस में रहने वाले प्रवीन और आलोक के साथ विवाद हुआ था।
इसके बाद दोनों ने कुछ युवकों को बुलाकर परिवार को पिटवाने और जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर छह से अधिक आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वहीं रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। जगमीत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पिता मुकेश कुमार शनिवार सुबह करीब नौ बजे घर से मंदिर जाने के लिए निकले थे। वह अक्सर गांव दयालपुर स्थित बुद्ध दास मंदिर जाते थे। दोपहर करीब तीन बजे उसके छोटे भाई साहिल के पास फोन आया कि पिता मुकेश के साथ मारपीट और झगड़ा हुआ है। इसके बाद परिजन दयालपुर अस्पताल पहुंचे, जहां उनको पता चला कि पिता की हालत गंभीर होने पर बीके अस्पताल रेफर कर दिया गया है। जब वह अस्पताल पहुंचे तो पता चला कि पिता मुकेश की मौत हो चुकी है।
शिकायत के अनुसार परिवार को शक होने पर चाचा के बेटे देवराज ने प्रवीन को फोन किया। आरोप है कि प्रवीन ने बताया कि कुलदीप उर्फ दीपक ही मुकेश को दयालपुर अस्पताल में भर्ती कराकर आया था। इसके बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। शिकायत में जगमीत ने कुलदीप उर्फ दीपक, निशांत हुड्डा, शिवम उर्फ लवशु और दयालपुर निवासी अन्य युवकों पर हत्या में शामिल होने का शक जताया है। उसने आरोप लगाया कि प्रवीन, आलोक, उनके बेटे कार्तिक व तेजस तथा रीना पत्नी प्रवीन और नीरज पत्नी आलोक के कहने पर उसके पिता की हत्या की गई।