नूंह। सदर थाना पुलिस ने गांव सलम्बा में पशुओं के साथ क्रूरता करने के मामले में दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव में एक मकान पर अवैध रूप से पशुओं को काटा गया है। सूचना पर एएसआई परवीन टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
जांच के दौरान मकान से ऊंट और भैंस की आंतें व पूंछ बरामद हुईं। आसपास पूछताछ में मकान मालिक की पहचान दिलशाद और साकिर पुत्र हाजी सलीम के रूप में हुई। पुलिस ने मौके से साक्ष्य कब्जे में लेकर ई-साक्ष्य ऐप पर वीडियो रिकॉर्डिंग भी की। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पशुओं को काटकर उनके साथ क्रूरता की, जो कानूनन अपराध है। इस संबंध में थाना सदर नूंह पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 325 व पशु क्रूरता अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और आगे की जांच जारी है। संवाद