बार-बार सुरक्षा जाल लगाने की मांग के बावजूद इंतजाम नहीं करने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जवाहर कॉलोनी में सेटरिंग का काम करते समय गिरकर गंभीर रूप से घायल हुए मजदूर अरविंद चौधरी की बेटी की शिकायत पर पुलिस ने बिल्डर संदीप सिंघल और ठेकेदार हीरालाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि सेटरिंग के पास सुरक्षा जाल लगाने की मांग के बावजूद दोनों ने कोई सुरक्षा इंतजाम नहीं कराया, जिससे हादसा हुआ।
कोतवाली थाना पुलिस ने 12 अगस्त को प्राथमिकी दर्ज की है। शिकायतकर्ता प्रिंसी कुमारी ने पुलिस को बताया कि उनके पिता अरविंद चौधरी कई वर्षों से जवाहर कॉलोनी में रह रहे थे और सेटरिंग का काम करते थे। नौ अगस्त को उन्हें सूचना मिली कि काम करते समय उनके पिता गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इसके बाद उनके चाचा बुलबुल चौधरी ने निजी अस्पताल, सेक्टर-8 में भर्ती कराया। प्रिंसी के अनुसार, हादसा एनआईटी स्थित मकान नंबर 2ए/44 में हुआ। पिता ने ठेकेदार हीरालाल और बिल्डर संदीप सिंघल से सेटरिंग के पास सुरक्षा जाल लगाने के लिए कई बार कहा था, लेकिन आरोप है कि उनकी मांग पर कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई। उनका कहना है कि यदि जाल लगा होता तो उनके पिता नीचे नहीं गिरते।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि हादसे के बाद ठेकेदार हीरालाल से घटना के बारे में जानकारी मांगी गई लेकिन उसने घटनास्थल की स्पष्ट जानकारी नहीं दी। बिल्डर संदीप सिंघल पर भी घायल के परिवार को कोई सहायता नहीं देने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने दोनों के बीच मिलीभगत की आशंका जताई है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार, अरविंद की मेडिकल रिपोर्ट में चार चोटों का उल्लेख है। हादसे की वास्तविक परिस्थितियों, निर्माण स्थल पर सुरक्षा इंतजाम और बिल्डर-ठेकेदार की जिम्मेदारी की जांच की जा रही है।