अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। गांव बड़ौली में बिजली चोरी पकड़ने गई बिजली निगम की टीम ने ग्रामीणों पर हमला कर दिया। अधिकारियों के मोबाइल फोन छीन कर डायरी फाड़ दी। एसडीओ की शिकायत पर पुलिस ने 30 से 40 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
बिजली निगम के खेड़ीकलां सब-डिवीजन के एसडीओ सुनील चावला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मंगलवार सुबह उनकी टीम गांव बडौली में बिजली चोरी पकड़ने के लिए गई थी। टीम ने गांव में लोगों के मीटरों को जैसे ही जांचना शुरू किया लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद टीम सुरेंद्र नामक उपभोक्ता के घर पहुंची। उनसे मीटर जांच के लिए घर के अंदर आने की अनुमति मांगी। टीम घर के अंदर तार जोड़कर लोड जांच करती रही। आरोप है कि सुरेंद्र ने इतना सुनते ही गाली-गलौज शुरू कर दिया। मौके पर देखते ही देखते 30-40 लोग पहुंच गए। उन्होंने टीम के सदस्यों के साथ धक्का-मुक्की, मारपीट शुरू कर दी। एसडीओ का आरोप है कि लोगों ने टीम से केस डायरी छीन ली और उसे फाड़ दिया। इसके अलावा विभाग की ओर से मिले सरकारी मोबाइल फोन छीन लिए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस को देखते ही आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने 30-40 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
मारपीट से पहले पकड़ी गई थी 12 बिजली चोरी
खेड़ीकलां एसडीओ ने बताया कि मंगलवार अल सुबह सब-डिवीजन क्षेत्र में बिजली चोरी पकड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा था। बड़ौली में हुए मारपीट से पहले करीब 12 बिजली चोरी के केस पकड़े गए। उनकी डिटेल केस डायरी में नोट करके आगे जांच की जा रही थी। तभी ग्रामीणों ने धक्का-मुक्की व मारपीट शुरू कर दी। बीपीटीपी थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर अर्जुन देव ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।