जिला परिषद उपाध्यक्ष उमेश गुदराना ने कहा उनके परिवार में 66 नहीं, 150 के करीब हैं वोटर
राहुल राज
पलवल। जिले के गुदराना गांव का मकान नंबर-150 पिछले दो दिन से चर्चा का विषय बना हुआ है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि मकान नंबर-150 में 66 वोटर हैं। यह घर भाजपा से जुड़े जिला परिषद उपाध्यक्ष उमेश गुदराना का है। पड़ताल में पाया गया कि यह मकान साल 1993 का बना है। एक एकड़ में फैले परिसर में कुल 6 कमरे हैं। इस घर में फिलहाल कोई नहीं रहता है। सभी लोग आसपास में बने घर में रहते हैं। इस घर को बैठकी के लिए इस्तेमाल किया जाता है।
उमेश गुदराना ने कहा कि राहुल गांधी गलत जानकारी दे रहे हैं। उनके परिवार में 66 नहीं, बल्कि 150 के करीब वोटर हैं। उनका पूरा परिवार आसपास ही रहता है। वोटर कार्ड पर पुराना पता ही दर्ज हैं। उन्होंने दावा किया कि घर पर कोई बाहरी वोटर नहीं है। उमेश ने मकान नंबर-150 के परिसर में 18 वोटर को जमा कर सबूत दिया। उन्होंने कहा कि परिवार के कुछ लोग गंगा स्नान करने बाहर गए हुए हैं। जरूरत पड़ने पर सभी वोटरों को सामने लाया जाएगा।
उमेश गुदराना के चाचा सुरेश गुदराना ने बताया कि हमारी तीन पीढ़ियां यहां रहती हैं। हमारे पिता 4 भाई थे। वह खुद 9 भाई हैं। उसमें से एक भाई के 9 बच्चे हैं और बाकी तीनों भाई को मिलाकर 9 बच्चे हैं। घर के सभी बुजुर्गों की औलाद मिलाकर पूरे परिवार में करीब 200 सदस्य हैं। इनमें से करीब 150 वोटर हैं और सभी का मकान नंबर 150 है। सुरेश गुदराना ने कहा कि वह 60 साल से यहां रहते है। आज तक उन्हें पता नहीं चला कि उनका मकान नंबर कितना है। राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद ही उनको अपना मकान नंबर मालूम चला है। एक मकान नंबर पर 66 वोटर होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि बीएलओ ने सभी लोगों का मकान नंबर 150 डाल दिया होगा।
गांव गुदराना के बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) थान सिंह ने बताया कि पुराने समय से ही वोटर लिस्ट में मकान का एक ही नंबर लिखा हुआ है। इसके कारण नए वोटरों में भी पुराने हाउस नंबर का रेफरेंस लिया गया है। उन्होंने कहा कि आयोग की तरफ से 10 से अधिक वोट पर फिजिकल वेरिफिकेशन करने का कोई निर्देश नहीं मिला था। हमने सरकारी प्रक्रिया का पालन किया है।