नूंह। गांव ठेकड़ा के पास पेट्रोल पंप के नजदीक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की टक्कर से युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव ठेकड़ा निवासी कासिम पुत्र इलाही बक्स के रूप में हुई है। पुलिस ने अज्ञात मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता साहुन के अनुसार, 24 नवंबर की शाम करीब सात बजे उसका छोटा भाई कासिम भीमसिका से काम खत्म कर घर लौट रहा था। ठेकड़ा के पास पेट्रोल पंप के नजदीक उसने अपनी मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़ी कर दी थी और नीचे उतरकर खड़ा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल तेज रफ्तार और लापरवाही से आई तथा कासिम को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल कासिम को नल्हड़ मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच अधिकारी मुकेश भीम के अनुसार, मामले में अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दुर्घटना में शामिल मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर चालक की पहचान और तलाश की जा रही है।