पलवल।
कैंप थाना क्षेत्र के गांव कुश्लीपुर में पेट्रोल पंप के पास कोल्ड ड्रिंक पीने रुके युवक और उसके दोस्त पर कार गैराज में काम करने वाले तीन युवकों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने युवक के सिर पर लोहे की रॉड से वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैंप थाना प्रभारी कृष्ण गोपा के अनुसार, असावटा गांव निवासी मनीष ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि नौ अक्तूबर को वह अपने दोस्त आशीष के साथ बाइक में पेट्रोल डलवाने कुश्लीपुर पेट्रोल पंप पर गया था। पेट्रोल भरवाने के बाद दोनों पास की दुकान पर कोल्ड ड्रिंक पीने रुके। इसी दौरान पास स्थित कार गैराज में काम करने वाले एक युवक ने उनके साथ बदतमीजी की और पेचकस से हमला किया। आशीष ने उससे पेचकस छीन लिया, जिसके बाद आरोपी ने अपने दो साथियों को बुला लिया। तीनों ने लोहे की रॉड और डंडों से हमला कर दिया। मनीष के सिर पर कई वार किए गए। घायल को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने बताया कि जांच में पीड़ित के सिर की हड्डी में फ्रैक्चर भी मिला है। हमले में उसका मोबाइल टूट गया और जेब से 1200 रुपये भी गिर गए। पुलिस ने मोईन, रिहान और रणजीत के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है।