पलवल।
साइबर ठगों ने केवाईसी अपडेट कराने के नाम पर लिंक खुलवाकर एक व्यक्ति के दो क्रेडिट कार्ड से 2.16 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
साइबर क्राइम थाना प्रभारी संदीप कुमार के अनुसार, शहर के श्याम नगर निवासी अक्षय कुमार वर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रविवार को उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने बैंक अधिकारी बनकर केवाईसी पूरी करने के लिए लिंक पर क्लिक करने को कहा। जैसे ही उन्होंने लिंक खोला, उनका मोबाइल हैंग हो गया और क्रेडिट कार्ड से रुपये कटने शुरू हो गए।
पीड़ित के अनुसार, ठगों ने उनके एसबीआई और एक्सिस बैंक के क्रेडिट कार्ड से पांच बार में क्रमशः 20 हजार, 27,290, 30 हजार और 46 हजार रुपये की दो अलग-अलग और इतनी ही राशि की एक अन्य निकासी की। कुल 2 लाख 16 हजार रुपये की धोखाधड़ी हुई। उन्होंने तुरंत कार्ड ब्लॉक कराया और हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बुधवार को शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच पीएसआई विकास को सौंपी है। मामले की जांच जारी है।