डेढ़ लाख रुपये से अधिक की ऑनलाइन निकासी
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। एक निजी डेंटल कॉलेज में कार्यरत महिला डॉक्टर का पर्स चोरी कर बैंक खातों से रकम निकालने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर बीपीटीपी थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में अशोका एन्क्लेव सेक्टर-34 निवासी डॉ. श्वेता रिहानी ने बताया कि वह सुधा रस्तोगी डेंटल कॉलेज में ओरल पैथोलॉजी विभाग की एचओडी के पद पर कार्यरत हैं। 20 जुलाई की सुबह करीब 8:36 बजे वह रोजाना की तरह कॉलेज पहुंचीं। उन्होंने बैग अपने कमरे में रखा और क्लास लेने चली गईं। करीब 10:37 बजे उनके मोबाइल पर यस बैंक खाते से 10 हजार रुपये निकलने का पहला संदेश आया। इसके बाद अगले लगभग 20 मिनट में लगातार कई ट्रांजेक्शन होने लगे। शिकायत के अनुसार यस बैंक खाते से 10-10 हजार रुपये की 10 निकासी, आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम कार्ड से चार बार में 32 हजार रुपये तथा एसबीआई खाते से तीन बार में कुल 28 हजार रुपये निकाल लिए गए।
लगातार संदेश मिलने पर जब डॉ. श्वेता ने अपना बैग देखा तो उसमें रखा पर्स गायब मिला। पर्स में विभिन्न बैंक कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज मौजूद थे। इसके बाद उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल का कहना है कि कॉलेज परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही बैंक ट्रांजेक्शन, एटीएम फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।