दो साल से संपर्क में थे दोनों, बाद में आरोपी करने लगा था परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पड़ोसी के कथित प्रताड़ना और लगातार ब्लैकमेलिंग से तंग आकर एक महिला ने उसी के कार्यालय में चुनरी से फंदा लगा लिया। घटना बीते आठ सितंबर की है, जब महिला का शव राजीव कॉलोनी स्थित एक सरिये की दुकान के ऊपर बने कार्यालय में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने अब मृतका के पति की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
सेक्टर-64 निवासी सुनील कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके घर के सामने रहने वाला आरोपी नरेंद्र पिछले कुछ समय से उनकी पत्नी को लगातार परेशान कर रहा था। पत्नी के मानसिक तनाव में रहने पर जब उन्होंने वजह पूछी, तो उसने आपबीती सुनाते हुए बताया कि नरेंद्र उसके पीछे पड़ा है और उसे बार-बार ब्लैकमेल कर रहा है। जब सुनील ने पड़ोसी नरेंद्र को जाकर समझाने और अपनी हरकतों से बाज आने को कहा, तो आरोपी ने उन्हें उल्टा अंजाम भुगतने और पूरे परिवार को बर्बाद करने की धमकी दी थी।
इसके बाद आठ सितंबर को दोपहर करीब 2:42 बजे महिला का शव राजीव कॉलोनी में नरेंद्र के कार्यालय में फंदे से लटका है। शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी और महिला के बीच करीब दो साल से जान-पहचान थी। बाद में आरोपी उसे प्रताड़ित करने लगा था। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की हार्ड डिस्क को कब्जे में लेकर जांच शुरू की और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया था। इसके बाद आरोपी नरेंद्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।