संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल।
जिले में रबी 2025-26 सीजन के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (पीएमएफबीवाई) के तहत फसल बीमा कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने किसानों से अपील की है कि वे सुरक्षित खबर, सुरक्षित खलिहान के उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए अपनी फसलों का समय पर बीमा अवश्य कराएं। उन्होंने बताया कि बीमा करवाने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2025 निर्धारित की गई है और प्रदेश सरकार ने जिले में योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए अधिकृत बीमा कंपनी नियुक्त की है।
रबी सीजन के तहत गेंहू, सरसों, जौं, चना और सूरजमुखी को बीमित फसलों में शामिल किया गया है। बीमा प्रीमियम दरें क्रमश: गेंहू 486.86 रुपये, सरसों 327.44 रुपये, जौ 310.91 रुपये, चना 239.79 रुपये और सूरजमुखी 330.75 रुपये प्रति एकड़ तय की गई हैं। किसान आधार कार्ड, बैंक पासबुक, नवीनतम भूमि रिकॉर्ड/जमाबंदी, बुआई प्रमाण पत्र और मेरी फसल मेरा ब्यौरा के साथ अपने संबंधित बैंक या नजदीकी सीएससी केंद्र में जाकर बीमा करवा सकते हैं। योजना सभी किसानों के लिए स्वैच्छिक है।
उपायुक्त ने बताया कि यदि कोई ऋणी किसान बीमा नहीं करवाना चाहता है, तो उसे 24 दिसंबर 2025 तक अपने बैंक में लिखित घोषणा देनी होगी। फसल परिवर्तन करवाने की अंतिम तिथि 29 दिसंबर 2025 निर्धारित है। अधिक जानकारी के लिए किसान कृषि रक्षक पोर्टल, हेल्पलाइन 14447 या कृषि विभाग के कार्यालयों से संपर्क कर सकते हैं।