होडल। शहर की ब्रह्मानंद मार्केट से बृहस्पतिवार देर रात चार अज्ञात गोतस्करों ने गुड़गांव नंबर की क्रेटा कार में गोवंश भरकर फरार होने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों ने तस्करों को रोकने की कोशिश की, लेकिन वे कार को तेज रफ्तार से लेकर भाग गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाली, जिसमें चार अज्ञात व्यक्ति क्रेटा कार में गोवंश को खींचते दिखाई दिए। इस दौरान कंडक्टर साइड खिड़की से तीन लोग उतरते और गोवंश को कार में डालते दिखे। स्थानीय चौकीदार और लोग तस्करी रोकने के प्रयास में असफल रहे।
पुलिस ने गश्त कर रहे कर्मचारियों की शिकायत के आधार पर चार अज्ञात गोतस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में गोतस्करी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे समुदाय में पुलिस प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ रही है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि तस्करों को गिरफ्तार करने और गोवंश की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है।