संवाद न्यूज एजेंसी
पिनगवां । थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना के आरोपों को लेकर तीन अलग-अलग महिलाओं की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। तीनों मामलों में महिलाओं ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग, मारपीट और मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। पहले मामले में पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2022 में उसकी शादी मुस्लिम रीति-रिवाज से हुई थी।
शादी में परिजनों ने अपनी हैसियत के अनुसार दहेज दिया, लेकिन ससुराल पहुंचते ही कार और 2 लाख रुपये नकद की मांग की जाने लगी। मांग पूरी न होने पर उसे प्रताड़ित किया गया और घर से निकाल दिया गया। पीड़िता ने बताया कि उसने एक बच्ची को जन्म दिया, वहीं करीब एक महीने पहले पति ने फोन पर तीन तलाक दे दिया।दूसरे मामले में महिला ने आरोप लगाया कि शादी में अधिक दहेज देने के बावजूद ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं था और लगातार कम दहेज लाने का ताना देकर शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। कुछ दिन पहले उसके साथ मारपीट कर पति ने सबके सामने तीन तलाक दे दिया।
तीसरे मामले में पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2023 में शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज को लेकर नाराज था। करीब एक वर्ष पहले मारपीट कर जान से मारने की धमकी देते हुए उसे घर से निकाल दिया गया। तब से वह मायके में रह रही है। पिनगवां पुलिस ने तीनों शिकायतों के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।