कर्ज चुकाने के लिए परिचित से रकम लेने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। आगरा, फरीदाबाद और गुरुग्राम में कोल्ड ड्रिंक के डिस्ट्रीब्यूटर के गोदाम चलाने वाले पिता-पुत्र पर विभिन्न कारणों से कर्ज बढ़ गया था। रुपयों की जरूरत पूरी करने के लिए दोनों ने निवेश के नाम पर झांसा देकर एक परिचित से 60 लाख रुपये ले लिए थे।
रकम वापस मांगने पर शिकायतकर्ता को जान से मारने और झूठी पुलिस शिकायत में फंसाने की धमकी देने के आरोप में पुलिस चौकी सैनिक कॉलोनी और अपराध शाखा सेक्टर-56 की संयुक्त टीम ने दोनों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सेक्टर-85 निवासी भूपेंद्र सिंह चौधरी और उसके बेटे माधव चौधरी के रूप में हुई है। दोनों को जीरकपुर, पंजाब से पकड़ा गया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार, झज्जर के बेरी निवासी परवीन कादियान ने शिकायत दी थी कि भूपेंद्र और माधव ने निवेश के नाम पर उससे 60 लाख रुपये लिए थे। इसमें 50 लाख रुपये बैंक खाते के माध्यम से और 10 लाख रुपये नकद दिए गए थे। दोनों की शिकायतकर्ता से मुलाकात एक संयुक्त परिचित के माध्यम से हुई थी। आरोप है कि निवेश से मुनाफा कमाने का भरोसा देकर रकम ली गई लेकिन बाद में वापस नहीं की गई। पूछताछ में सामने आया कि आरोपितों के फरीदाबाद, आगरा और गुरुग्राम में कोल्ड ड्रिंक डिस्ट्रीब्यूटर के गोदाम हैं। कारोबार से जुड़े विभिन्न कारणों से उन पर कर्ज बढ़ता चला गया था और उन्हें तत्काल पैसों की जरूरत थी। शिकायतकर्ता ने जब अपनी रकम वापस मांगी तो दोनों टालमटोल करने लगे और फोन उठाना बंद कर दिया। आरोप है कि रकम मांगने पर जान से मारने और झूठी पुलिस शिकायत में फंसाने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने थाना डबुआ में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी। दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।