पत्थरबाजी कर गेट और टाइलें तोड़ने का भी आरोप, प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। मुजेसर की संजय कॉलोनी में घर के बाहर देर रात हुड़दंग और गाली-गलौज करने का विरोध करने पर तीन युवकों ने एक घर पर पथराव कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने घर में घुसकर पिता और उसे बचाने आए बेटे पर तलवार, रॉड और डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में पिता को सिर, पसलियों और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। मुजेसर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर शनिवार को तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
संजय कॉलोनी निवासी पीड़ित विनोद झा ने शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि वह 20 मई की देर रात अपने घर पर सोए हुए थे। रात करीब 2:30 बजे उनके बेटे के तीन दोस्त हिमांशु, आकाश और राजकिशोर उनके घर के बाहर आए और लगातार घंटी बजाने लगे। विनोद झा ने जब गेट खोलने से मना किया और सुबह आकर बात करने को कहा, तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। पीड़ित ने जब अपने मोबाइल से इस अभद्रता की वीडियो बनानी शुरू की, तो आरोपियों ने उनके घर पर पथराव कर दिया, जिससे मुख्य गेट और दीवार पर लगी टाइलें टूट गईं।
इसके बाद तीनों आरोपी जबरन घर के अंदर दाखिल हो गए और विनोद झा पर हमला बोल दिया। आरोपी हिमांशु ने डंडे से पीड़ित के सिर, दाहिनी टांग और पसलियों पर वार किए, जबकि राजकिशोर ने तलवार से उनके पेट, पीठ व पैरों पर हमला किया। इसी बीच तीसरे आरोपी आकाश ने रॉड से पीड़ित के दोनों पैरों और जांघों पर वार कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। जब विनोद झा का बेटा तरुण झा उन्हें बचाने के लिए आगे आया, तो आरोपियों ने उसे भी डंडों और तलवार से मारकर घायल कर दिया। शोर सुनकर जब गली के लोग इकट्ठा होने लगे, तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए। विवाद का कारण शिकायतकर्ता के बेटे का आरोपियों से एक माह किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। जिसकी रंजिश रखते हुए आरोपियों ने हमला किया था।
घटना के तुरंत बाद पीड़ित के बेटे ने डायल 112 पर कॉल करके पुलिस बुलाई। घायल विनोद झा को इलाज और शारीरिक मेडिकल जांच के लिए बीके अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उनकी एमएलआर रिपोर्ट में कुल छह गंभीर चोटें दर्ज कीं। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टर ने पहले उन्हें बयान के लिए अनफिट घोषित किया था, जिसके बाद शनिवार को स्वस्थ होने पर पीड़ित ने चौकी पहुंचकर लिखित दरखास्त दी।