हाल ही में लागू किए गए गए नए कलेक्टर रेट से किसानों में रोष, ज्ञापन सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
छांयसा। हरियाणा में हाल ही में लागू किए गए नए कलेक्टर रेट को लेकर कई जगहों पर लोग संतोष जाहिर कर रहे हैं। मोहना गांव में इसको लेकर नाराजगी देखने को मिल रही है। रविवार को पंचायत के बाद शुक्रवार को लगभग 15 गांव के प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार मोहना को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने कहा कि कलेक्टर रेट मार्केट रेट के हिसाब से तय किए जाएं । किसानों ने 4.50 करोड़ प्रति एकड़ कलेक्टर रेट की मांग की है। किसानों ने कहा कि अगर सरकार 15 दिनों में 22 अगस्त तक यह कलेक्टर रेट रिवाइज नहीं करती है तो किसान विरोध प्रदर्शन करेंगे।
सरकार ने कलेक्टर रेट लागू करने के बाद अचानक जमीन एक्वायर करने का एक विज्ञापन डाला है। सरकार की मनमानी बिल्कुल नहीं चलेगी, यह जमीन सरकार की नहीं किसानों की है। अगर सरकार कहती है कि कलेक्टर रेट बिल्कुल सही है तो किसान जितनी भी पंचायती जमीन है सर्किल रेट के हिसाब से लेने के लिए तैयार हैं।
किसानों ने तहसीलदार से कहा कि हम लोग कलेक्टर रेट बढ़वाने के कार्रवाई कई महीनों से संघर्ष कर रहे हैं। पहला ज्ञापन हमने 13 मार्च को डीसी के कार्यालय सेक्टर 12 फरीदाबाद में दिया था। उसके बाद अगली आपत्ति 31 जुलाई को दी थी। जिस पर उनकी चर्चा एसडीएम बल्लभगढ़ और तहसीलदार मोहना के साथ हुई थी। प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से डीके शर्मा पंहेडा, ईश्वर नंबरदार, किशन सरपंच, गिर्राज मास्टर, सतवीर मैनेजर, मुकेश, सुरेंद्र तंवर, सुरेंद्र, नरेश, संजय अदलखा आदि मौजूद रहे।