कर्मचारियों के समय पर नहीं पहुंचने की मिल रहीं थी शिकायतें
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। मुख्यमंत्री उड़न दस्ता फरीदाबाद को सूचना मिली थी कि उप तहसील गोंछी में नियुक्त कर्मचारी एवं अधिकारी समय पर कार्यालय नहीं आते। इसके साथ ही आम नागरिकों के तहसील संबंधित कार्यों को अनावश्यक रूप से लंबित रखते हैं। शुक्रवार को टीम ने उप तहसील में छापा मार दिया। इसमें कई अनियमितता मिलने के साथ एक कर्मचारी गैरहाजिर मिला।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम ने नायब तहसीलदार बड़खल उमेश कुमार एवं ड्यूटी मजिस्ट्रेट को साथ लेकर सुबह 9 बजे संयुक्त रूप से छापेमारी की। निरीक्षण के समय कुल नौ कर्मचारियों में से 7 कर्मचारी कार्यालय में समय पर उपस्थित पाए गए एक कर्मचारी विभागीय कार्य से बाहर गया हुआ तथा एक कर्मचारी गैरहाजिर पाया गया।
पटवारियों के न बैठने की मिली शिकायत
कुछ व्यक्तियों ने उप तहसील कार्यालय में पिछले दो-तीन दिनों से पटवारियों के न बैठने के बारे में शिकायत की। टीम ने जब इस मामले में जांच की तो ज्ञात हुआ कि उप तहसील गोंछी में नियुक्त दोनों पटवारी विशेष विभागीय कार्य से एसडीएम बड़खल के साथ व्यस्त थे।
626 इंतकाल पाए गए लंबित
टीम ने जांच के दौरान पाया कि उप तहसील में 626 इंतकाल के मामले लंबित पड़े हैं। मामलों के लेकर टीम के साथ मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने अपने पास रिकॉर्ड कर लिए। रिकॉर्ड के अनुसार ही आगामी कार्रवाई की जाने की बात सामने आ रही है। जानकारों का कहना है कि इंतकाल समय पर अपडेट न होने पर संपत्ति के नए मालिकों को कई बार परेशानी का सामना करना पड़ता है लेकिन कुछ अधिकारी इसपर ध्यान नहीं दे रहे थे इन्ही सब कारणों को लेकर यह कार्रवाई की गई है।