मशीन साफ करते समय अचानक चल पड़ा रोटावेटर, पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। गांव जवा में सोमवार सुबह खेत की जुताई के दौरान हादसे में किसान सत्य प्रकाश की मौत हो गई। वह खेत में ट्रैक्टर से जुड़े रोटावेटर की मदद से धान की फसल के लिए जुताई कर रहे थे। काम के दौरान मशीन बंद होने के बाद वह उसे साफ करने के लिए नीचे उतरे, इसी दौरान अचानक रोटावेटर चल पड़ा और वह उसकी चपेट में आ गए।
गांव के सरपंच विष्णु ने बताया कि पहले उनका हाथ रोटावेटर में फंसा और देखते ही देखते पूरा शरीर मशीन के अंदर खिंच गया। हादसा इतना भयावह था कि सत्य प्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद खेत में मौजूद लोगों ने तुरंत मशीन बंद की और पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने बताया कि सत्य प्रकाश खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उन्होंने खेती के लिए खेत पट्टे (ठेके) पर ले रखे थे और सोमवार सुबह धान की बुआई की तैयारी के लिए खेत की जुताई कर रहे थे। उनके परिवार में दो बेटे हैं, जिनमें एक की शादी हो चुकी है, जबकि दूसरा अविवाहित है।