-5 स्वर्ण, 2 रजत और 4 कांस्य खिलाड़ियों के नाम
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। तीन से आठ अक्तूबर तक आयोजित हो रहे हरियाणा ओलंपिक में एथलेटिक्स में फरीदाबाद के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 11 पदक अपने नाम किए। इनमें 5 स्वर्ण पदक, 2 रजत पदक और 4 कांस्य पदक शामिल रहे। खिलाड़ियों ने सभी पदक विभिन्न एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में भाग लेते हुए अपने नाम किए।
इनमें मान सिंह भड़ाना और परीक्षा ने पुरुष और महिला वर्ग की लंबी कूद प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके अलावा राजा बाबू ने 200 मीटर दौड़ प्रतिस्पर्धा में स्वर्ण अपने नाम किया। इसके अलावा 4 गुणा 400 मीटर रिले रेस में प्रशांत, सागर सैनी, योगिंदर और विक्रांत पांचाल ने टीम प्रतिस्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
वहीं मिक्स रिले रेस में प्रशांत, प्राची शर्मा, विक्रांत पांचाल और तान्या ने स्वर्ण अपने नाम किया। महिलाओं की 4 गुणा 400 मीटर रेस में वंशिका, तान्या, कल्पना और प्राची शर्मा ने रजत पदक अपने नाम किया। हेप्टाथलान इवेंट में रितिका गौर ने रजत पदक जीता। वहीं शिवम ने 100 मीटर दौड़, शॉटपुट में अंशदीप रावत, 800 मीटर दौड़ में हनी मलिक और एक अन्य रिले रेस मुकाबले में कुमारी अंजलि, प्राची शर्मा, रितिका गौर और परीक्षा ने कांस्य पदक हासिल किया।
फरीदाबाद के खेल सचिव ओमवीर धनखड़ और हरियाणा ओलंपिक के संयुक्त सचिव कुलदीप अहलावत और यशपाल चोपड़ा ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनका हौसला बढ़ाया।
वर्जन
फरीदाबाद के एथलीटों ने शानदार प्रदर्शन किया। 5 स्वर्ण सहित 11 पदक जीतना शानदार है। आगामी मुकाबलों और प्रतियोगिताओं में भी खिलाड़ियों से ऐसे ही प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।-
ओमवीर धनखड़, खेल सचिव, फरीदाबाद