स्वच्छता पखवाड़े की शपथ ग्रहण कार्यक्रम के साथ की शुरुआत
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। स्वच्छता पखवाड़े को सफल बनाने के साथ-साथ फरीदाबाद शहर को इंदौर जैसा स्वच्छ शहर बनाने के लिए जिले के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से सहयोग करने की अपील की गई है। यह बात महापौर प्रवीण जोशी ने स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत रविवार को निगम मुख्यालय के हॉल में आयोजित शपथ कार्यक्रम के दौरान कही। इस कार्यक्रम में सभी अधिकारी, पार्षदों और कर्मचारियों को स्वच्छता के प्रति शपथ दिलाई।
इस मौके पर जॉइंट कमिश्नर द्विजा ने बताया कि 21 जून तक हर रोज स्वच्छता और पर्यावरण को शुद्ध रखने के संदेश देते हुए कार्यक्रम चलेंगे। इसमें कूड़े के पृथक्करण, कूड़ा निस्तारण के साथ-साथ प्रतिबंधित प्लास्टिक के प्रयोग पर प्रतिबंध जैसे किस तरीके से घरों को जीरो वेस्ट घर बनाया जाए आदि विषयों पर नगर निगम की तरफ से कार्यक्रम किए जाएंगे। इस स्वच्छता पखवाड़े में शामिल होने वाले स्कूल के बच्चों के साथ-साथ सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से नगर निगम स्वच्छता पखवाड़े को सफल बनाया जाएगा। इस कार्यक्रम के लिए अलग-अलग जगहों पर अधिकारियों की ड्यूटी सरकार के आदेशों के तहत लगाई गई है। अधिकारी अपने-अपने जोन में स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत होने वाले कार्यक्रमों की समीक्षा करेंगे और निगरानी रखेंगे।