अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में शानदार प्रदर्शन, सभी पदक विजेताओं का स्कूल नेशनल गेम्स के लिए चयन
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-82 स्थित शिव नादर स्कूल में 11 से 13 सितंबर तक आयोजित हरियाणा स्कूल स्टेट फेंसिंग चैंपियनशिप 2026-27 में फरीदाबाद के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 17 पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों ने अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग की ईपी, फॉयल और सेबर स्पर्धाओं में दमदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले सभी खिलाड़ियों का आगामी स्कूल नेशनल गेम्स के लिए चयन किया गया है।
अंडर-19 वर्ग में फरीदाबाद ने पांच पदक जीते। सेबर की बालिका टीम में साक्षी, माही, सृष्टि और रूहीन ने स्वर्ण पदक हासिल किया। फॉयल की बालक टीम में हितेश, वैभव और प्रशांत ने कांस्य पदक जीता। व्यक्तिगत स्पर्धा में साक्षी ने सेबर में स्वर्ण, माही ने सेबर में रजत और हितेश ने फॉयल में कांस्य पदक हासिल किया। अंडर-17 वर्ग में जिले के खिलाड़ियों ने तीन पदक जीते। सेबर की बालिका टीम में सृष्टि, तनिषा, काव्या और प्रियांशी ने रजत पदक हासिल किया। फॉयल की बालिका टीम में अमेया, अनिका, अरिका और आरवी ने कांस्य पदक जीता। व्यक्तिगत स्पर्धा में अमेया ने फॉयल में कांस्य पदक अपने नाम किया।
अंडर-14 वर्ग में फरीदाबाद के खिलाड़ियों ने टीम और व्यक्तिगत स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन किया। फॉयल की बालक टीम में उज्ज्वल रावत, तन्मय शर्मा, निर्मित शर्मा और मयान कुमार ने रजत, जबकि सेबर की बालक टीम में लक्ष्य, उज्ज्वल रावत, शानल और नक्ष ने रजत पदक जीता। फॉयल की बालिका टीम में अनाया कुंवर, मायरा, अवनी और उदानिया ने कांस्य पदक हासिल किया। व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों ने पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया।
इस तरह फरीदाबाद के खिलाड़ियों ने तीनों आयु वर्गों में कुल 17 पदक हासिल किए, जिसमें 8 टीम और 9 व्यक्तिगत पदक शामिल रहे। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी बसंत कुमार ढिल्लों, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी प्रेम शर्मा, जिला खेल समन्वयक दिनेश सैनी और जिला फेसिंग खेल समन्वयक नीतू ने बधाई दी।