शनिवार को हल्द्वानी से बल्लभगढ़ आने वाली बस में यात्री के एक लाख रुपये बस में रह गए थे जिसके बाद चालक व परिचालक ने इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दी। यात्री रोडवेज के अधिकारियों के साथ संपर्क करके अपने पैसे ले गया।
रोडवेज के चालक-परिचालक ने एक यात्री के बस में छूटे एक लाख रुपये वापस लौटा दिए। शनिवार को हल्द्वानी से बल्लभगढ़ आने वाली बस में यात्री के एक लाख रुपये बस में रह गए थे जिसके बाद चालक व परिचालक ने इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दी। यात्री रोडवेज के अधिकारियों के साथ संपर्क करके अपने पैसे ले गया। पैसे लंच बॉक्स में रखे थे।
विज्ञापन
बल्लभगढ़ बस डिपो के डीआई भागीरथ शर्मा ने बताया कि डिपो से हर रोज शाम को आठ बजे हल्द्वानी के लिए बस रवाना होती है। अगले दिन सुबह चार बजे बस वापस बल्लभगढ़ के लिए चलती है। शनिवार को भी सुबह चार बजे हल्द्वानी के रहने वाले पवन कुमार बस में सफर करके दिल्ली के आनंद विहार उतर गए। पवन कुमार के पास एक लंच बॉक्स था, जिसमें उन्होंने एक लाख रुपये रखे हुए थे।
पवन कुमार ने बताया कि सर्दी की वजह से उन्होंने कंबल को बैग में से निकाला। इस दौरान लंच बॉक्स बैग से निकलकर सीट के नीचे चला गया। सुबह नौ बजे के करीब आनंद विहार बस स्टैंड पर उतर गए। करीब 11 बजे बस बल्लभगढ़ बस डिपो के अंदर आ गई। चालक लाल चंद और परिचालक गगनदीप द्वारा बस को चेक किया गया तो एक सीट के नीचे लाल रंग का लंच बॉक्स मिला। उन्होंने लंच बॉक्स को खोला तो उसमें रोटी की बजाए पैसे थे। पैसों को लेकर डीआई भागीरथ शर्मा के पास गए। कुछ समय के बाद उनके पास यात्रा करने वाले व्यक्ति की बेटी का फोन आया। डीआई भागीरथ ने टिकट लेकर आने को कहा।