प्रतियोगिता के पहले दिन मंगलवार को अंडर-14 आयु वर्ग के मुकाबले खेले गए
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। रेवाड़ी में आयोजित एसजीएफआई की राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में फरीदाबाद के खिलाड़ियों ने शानदार शुरुआत की। प्रतियोगिता के पहले दिन मंगलवार को अंडर-14 आयु वर्ग के मुकाबले खेले गए। इनमें फरीदाबाद के खिलाड़ियों ने एक स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य सहित कुल चार पदक अपने नाम किए।
27 किलोग्राम भारवर्ग में फरीदाबाद के तन्मय तंवर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं, 41 किलोग्राम भारवर्ग में पांशुल सिंह ने रजत पदक जीता। 25 किलोग्राम भारवर्ग में विवान नेगी ने भी रजत पदक अपने नाम किया। इसके अलावा 35 किलोग्राम भारवर्ग में अंश गुलिया ने कांस्य पदक हासिल किया। कोच हंसराज कुंडु ने बताया कि फरीदाबाद के खिलाड़ियों का प्रदर्शन लगातार बेहतर हो रहा है। बालिकाओं के मुकाबलों में भी जिले के खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए कुल आठ पदक हासिल किए थे। इसके बाद बालकों के अंडर-14 वर्ग में चार पदक मिलने से टीम का उत्साह बढ़ा है। उन्होंने बताया कि बुधवार को अंडर-17 आयु वर्ग के मुकाबले खेले जाएंगे। इसके बाद बृहस्पतिवार को अंडर-19 वर्ग के मुकाबले होंगे। इन दोनों आयु वर्गों में भी फरीदाबाद के कई खिलाड़ी मजबूत दावेदार हैं। खिलाड़ियों से आगामी मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन और पदक जीतने की उम्मीद है।