हरियाली, चौड़ी सड़कें, कम भीड़ और सुनियोजित टाउनशिप के चलते लोगों को तेजी से कर रहा आकर्षित
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। फरीदाबाद अब केवल औद्योगिक शहर नहीं रह गया बल्कि आवासीय सेक्टर के मामले में भी यह एनसीआर के बाकी जिलों को टक्कर दे रहा है। गुरुग्राम, दिल्ली और नोएडा जैसे जिलों के महंगे सेक्टरों के मुकाबले फरीदाबाद खासतौर पर ग्रेटर फरीदाबाद में अधिक हरियाली, चौड़ी सड़कें, कम भीड़ और सुनियोजित टाउनशिप के चलते लोगों को तेजी से आकर्षित कर रहा है। गुरुग्राम के मुकाबले फरीदाबाद में फ्लैटों की कीमत अभी भी 20-30 प्रतिशत कम है। इसके बावजूद यहां मेट्रो कनेक्टिविटी, मॉल्स, स्कूल, हॉस्पिटल, रोड और सीवर जैसी मूलभूत सुविधाएं तेजी से विकसित हुई हैं।
सेक्टर 81, 82, 84, 85 जैसे इलाके आज नए खरीदारों की पहली पसंद बन चुके हैं।हाल ही में कलेक्टर रेट में वृद्धि के बावजूद इलाके में प्रॉपर्टी की मांग पर कोई खास असर नहीं पड़ा है। पूर्व टाउन प्लानर रवि सिंगला और रियल एस्टेट विशेषज्ञों के अनुसार ग्रेटर फरीदाबाद भविष्य के आवासीय हब के रूप में तेजी से उभर रहा है।
कम भीड़ और प्लानिंग बना रही है फरीदाबाद को खास
विशेषज्ञों के अनुसार दिल्ली, गुरुग्राम और नोएडा के पुराने सेक्टरों में भीड़, ट्रैफिक और प्रदूषण एक बड़ी समस्या बन चुकी है। वहीं ग्रेटर फरीदाबाद में सेक्टर 75 से 89 तक फैला रेजिडेंशियल कॉरिडोर नियोजित विकास का उदाहरण है। यहां ग्रीन बेल्ट, कामर्शियल पॉकेट्स और ऊंची इमारतों को संतुलित तरीके से विकसित किया गया है।
कलेक्टर रेट में बढ़ोतरी के बावजूद बना है आकर्षण
हाल में जारी हुए कलेक्टर रेट में फरीदाबाद के रेजिडेंशियल सेक्टरों में करीब 20-25 प्रतिशत की औसत वृद्धि हुई है। बावजूद इसके बिल्डरों और ब्रोकरों का कहना है कि मांग में कोई गिरावट नहीं आई है, क्योंकि लोग अब दिल्ली-गुरुग्राम छोड़ कर खुले और बेहतर प्लानिंग वाले क्षेत्र में रहना पसंद कर रहे हैं।
हाईराइज कल्चर को पसंद कर रहे लोग
फरीदाबाद अब पहले जैसा फ्लोर कल्चर वाला शहर नहीं रहा। अब यहां टाउनशिप और हाईराइज प्रोजेक्ट्स में रहने वालों की संख्या बढ़ रही है। बच्चों के खेलने के लिए गार्डन, सीनियर सिटीजन के लिए वॉकवे और युवाओं के लिए जिम जैसी सुविधाएं इन सोसाइटी में बड़ी संख्या में उपलब्ध हैं।
रेजिडेंशियल सेक्टर में फरीदाबाद लोगों की पसंद बन रहा है। यहां पर दूसरे पड़ोसी जिलों के मुकाबले कम भीड़ है। वहीं हरियाली भी काफी है। इसलिए निवेशकों के साथ आम लोग भी फरीदाबाद को पसंद कर रहे हैं। - रवि सिंगला, पूर्व टाउन प्लानर