फरीदाबाद। जिले में लगातार बढ़ते कोरोना संक्रमितों की संख्या को देखते हुए जिला उपायुक्त यशपाल यादव ने हर पांच वार्ड पर एक आइसोलेशन वार्ड तैयार करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी आइसोलेशन वार्ड तैयार करने के आदेश दिए गए।
जिला संकट एवं समन्वय समिति की बैठक में उपायुक्त ने कहा कि कोरोना के बढ़ते मरीजों की संख्या के मद्देनजर सभी अस्पतालों और कोविड केयर सेंटर में बेड की संख्या एवं अन्य सुविधाएं बढ़ाई जाएं। सभी स्थानों पर कोरोना से लड़ने के लिए हर संभव सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए। उपायुक्त ने बताया कि कोविड-19 की तैयारियों के मद्देनजर पांच प्रकार की कमेटियां बनाकर उन्हें क्षेत्र बांटे गए हैं। क्षेत्र कमांडर अपने इलाके में 5 वार्ड में एक आइसोलेशन वार्ड विकसित कर उसमें जरूरी की सभी सुविधाएं रखें। ताकि उस क्षेत्र में यदि कोई संक्रमित मरीज मिलता है तो उसे वहां भेजा जा सके। जिले में आक्सीजन वाले बिस्तरों की संख्या भी बढ़ाई जाए। उन्होंने कहा कि क्लस्टर स्तर पर भी हरसंभव संसाधन तैयार किए जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में भी आइसोलेशन केंद्र बनाए जाए ताकि जरूरत पड़ने पर उनमें मरीजों को रखना संभव हो सके। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि एंबुलेंस के लिए क्षेत्र चिह्नित करें।