बीके अस्पताल में बुनियादी सुविधाओं का आभाव, स्ट्रेचर और व्हीलचेयर की कमी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बीके अस्पताल में बुनियादी सुविधाओं का हाल बदतर है। संसाधनों के अभाव में मरीजों को कई मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। स्ट्रेचर व व्हीलचेयर की कमी के कारण मरीजों को परिजन कंधे और गोद में उठाकर ओपीडी व अन्य विभागों में ले जा रहे हैं। इससे मरीजों और उनके तीमारदारों को काफी असुविधा हो रही है।
अस्पताल प्रबंधन हमेशा यही कहता है कि अस्पताल में व्हीलचेयर और स्ट्रेचर है, लेकिन धरातल पर कुछ और ही देखने को मिलता है। मरीज अधिक बीमार है तो उनके तीमारदार उन्हें गोदी में उठाकर ओपीडी तक ले जाते हैं। वहीं मरीज विकलांग है तो उसको जमीन पर घिसट कर जाना पड़ता है और बुजुर्ग है तो डंडे और परिवार का सहारा लेना पड़ता है।
बुजुर्ग को गोदी में लेकर एक्स रे कराने पहुंचे परिजन
पलवल से पहुंची बुजुर्ग महिला परमाली के परिजनों ने बताया कि उन्हें कोई स्ट्रैचर व व्हीलचेयर नहीं मिली। इसके कारण उन्हें गोद में उठाकर लाना पड़ा। परमाली को एक्स रे कराना था, व्हीलचेयर न मिलने के कारण उन्हें काफी परेशानी हुई। उनका कहना है कि अस्पताल प्रशासन को व्यवस्थाओं में सुधार करना चाहिए।
ऐसा ही दृश्य ओल्ड फरीदाबाद से पहुंची अंगूरी के साथ देखने को मिला, जहां अंगूरी के परिजन कंधे का सहारा देकर पंजीकरण कक्ष से ओपीडी तक ले जाते दिखे। मरीज की हालत नाजुक थी, लेकिन स्ट्रेचर न होने के कारण उसे कोई सुविधा नहीं मिल सकी। कई अन्य मरीजों के साथ भी इसी तरह की स्थिति देखी गई। परिजनों का कहना है कि जब अस्पताल में ही इलाज के दौरान इतना संघर्ष करना पड़े, तो इलाज से पहले ही मरीज की हालत और बिगड़ जाती है। हम इलाज के लिए आते हैं, लेकिन यहां तो मरीज को उठाकर खुद ही दौड़ना पड़ता है।
- वर्जन
अस्पताल में स्ट्रेचर व व्हीलचेयर की कोई कमी नहीं है। यदि मरीजों को व्हीलचेयर नहीं मिलती है तो वह इमरजेंसी के काउंटर पर जाकर नर्स से व्हीलचेयर के बारे में पूछ सकते हैं। वह उसको उपलब्ध करा कर देंगे। वहीं यदि मरीजों को स्ट्रेचर व व्हीलचेयर मिलने में परेशानी आ रही है, तो इसकी जांच की जाएगी। -डॉ. विकास गोयल, एसएमओ