एक दिन पहले पुलिस को दी थी हमले की आशंका की शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। डीग गांव में जमीन को लेकर विवाद में परिवार पर हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि 30 सितंबर की शाम दूसरे पक्ष के लोग लाठी-डंडे, सरिया और पिस्टल लेकर घर पहुंचे और परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया।
हमले में चार से पांच लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों का बीके अस्पताल में उपचार चल रहा है। गांव डीग निवासी योगेश ने बताया कि उनके परिवार का अन्य लोगों के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। विवाद के चलते उन्हें पहले से ही हमले की आशंका थी। इसी कारण 29 सितंबर को वह अपने पिता लक्ष्मी नारायण के साथ थाना सदर पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ शिकायत दी थी। योगेश का आरोप है कि पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया और कोई कार्रवाई नहीं की। योगेश के अनुसार, 30 सितंबर की शाम आरोपी शिवकुमार, लालू उर्फ महावीर, पवन, साहब, परमानंद सहित अन्य लोग उनके घर पहुंचे। आरोप है कि सभी के हाथों में लाठी-डंडे, सरिया और पिस्टल थे। हमले में उनके पिता लक्ष्मी नारायण के पैर की हड्डियां टूट गईं। पैर में रॉड डालने के साथ प्लास्टर भी लगाया गया है।