संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। एनआईटी-3 स्थित कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में ओपीडी में लगातार बढ़ते मरीजों के दबाव के बीच फैकल्टी पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसी कड़ी में 22 अप्रैल 2026 को वॉक-इन इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा। यह भर्ती सुपर स्पेशियलिटी विभागों के लिए संविदा के आधार पर की जा रही है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार एनेस्थीसियोलॉजी, कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी, मेडिकल ऑन्कोलॉजी, गैस्ट्रोएंटेरोलॉजी और क्रिटिकल केयर समेत कई विभागों में प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के पद भरे जाएंगे। चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति एक वर्ष के लिए होगी, जिसे प्रदर्शन के आधार पर अधिकतम तीन वर्ष तक बढ़ाया जा सकता है। मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. चव्हाण कालिदास दत्तात्रेय का कहना है कि नई नियुक्तियों से सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं मजबूत होंगी और मरीजों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी।