अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शहर के सेक्टर-91 स्थित सूर्या नगर फेज-2 ईस्ट ब्लॉक में बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी अब लोगों के लिए रोजमर्रा की चुनौती बन गई है। यहां रहने वाले 100 से अधिक परिवार कई महीनों से खराब सड़कों के कारण परेशान हैं और हादसों का खतरा लगातार बना हुआ है।
स्थानीय निवासियों के मुताबिक, अमृत योजना के तहत सीवर लाइन डालने के लिए दो महीने पहले सड़कों की खुदाई की गई थी, लेकिन काम पूरा होने के बाद मरम्मत ठीक से नहीं की गई। नतीजतन सड़कों पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे पैदल चलना और वाहन निकालना जोखिम भरा हो गया है। कई लोग इन गड्ढों की वजह से चोटिल भी हो चुके हैं।
नगर निगम को बार-बार शिकायत देने के बावजूद समाधान न मिलने पर आरडब्ल्यूए ने अब सोशल मीडिया के जरिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तक अपनी बात पहुंचाई है। आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों का कहना है कि अधिकारियों की लापरवाही से समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। नगर निगम के कार्यकारी अभियंता नितिन कादियान का कहना है कि सीवर का काम पूरा हो चुका है और जल्द ही सड़कों की मरम्मत कराकर लोगों को राहत दी जाएगी।