रिकॉर्डिंग सिस्टम के लिए कैमरे, ऑडियो कॉन्फ्रेंस सिस्टम आदि की व्यवस्था की जाएंगी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-2 स्थित सुषमा स्वराज महिला महाविद्यालय में 90 लाख रुपये की लागत से सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। महाविद्यालय में रिकॉर्डिंग सिस्टम के लिए कैमरे, ऑडियो कॉन्फ्रेंस सिस्टम, ध्वनि और प्रकाश व्यवस्था के साथ वायरलेस स्पीकर फोन आदि यहां लगाए जाएंगे।
दो मार्च 2023 को उस समय के मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा सेक्टर-2 स्थित सुषमा स्वराज महिला महाविद्यालय का शुभारंभ किया गया था। महाविद्यालय के भवन को 27 करोड़ रुपये की लागत से तीन मंजिला बनाया गया है, जिसमें हर मंजिल पर आधुनिक सुविधाओं से लैस प्रयोगशालाएं बनाई गईं हैं। महाविद्यालय में अभी करीब 900 छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रही हैं। छात्राओं को पढ़ाई करने में कोई परेशानी ना हो उसके लिए डिजिटल रूम के साथ ऑडियो कॉन्फ्रेंस सिस्टम लगाया जाएगा।
इन सभी सुविधाओं के लिए विभाग की ओर से निविदा जारी कर दी है। जिसके अनुसार पीडीजी व्याख्यान रिकॉर्डिंग सिस्टम को इंस्टॉल किया जाएगा। जिससे शैक्षणिक व्याख्या की रिकॉर्डिंग की जाएगी। इसके अलावा ऑडियो कॉन्फ्रेंसिंग सिस्टम लगाया जाएगा। उसमें उच्च स्पष्टता वाले माइक्रोफोन, इको-कैंसलेशन और नॉइज रिडक्शन तकनीक, मल्टी-पार्टिसिपेट सपोर्ट के साथ पूर्ण डुप्लेक्स ऑडियो होगा। वहीं वायरलेस स्पीकर फोन के जरिए पोर्टेबल वायरलेस यूनिट इंस्टॉल की जाएगी। वहीं महाविद्यालय में तीन डिजिटल क्लास रूम भी बनाए जाएंगे। इसके अलावा कॉलेज में पढ़ाई करने के लिए आने वाली छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लोक निमार्ण विभाग की ओर से सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। कुछ जगहों पर कैमरे नहीं है वहां भी कैमरों लगाए जाएंगे। यह सभी कार्य करीब 90 लाख रुपये की लागत से किए जाएंगे।