- वॉलीबॉल में दूसरे दौर में बनाई जगह
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। करनाल में चल रहे राज्य स्तरीय वॉलीबॉल मुकाबलों में बालकों की अंडर-17 टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया कि ओर से आयोजित मुकाबलों में पहले दिन फरीदाबाद की अंडर-17 टीम ने कुरुक्षेत्र की टीम को हरा दिया।
इसके साथ ही टीम ने दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया है। जहां पर मंगलवार को टीम का सामना मेवात से होगा। इसके अलावा अंडर-19 टीम भी पहले दिन मैदान में उतरी पर टीम को रोमांचक मुकाबले में अंबाला से हारकर प्रतियोगिता से बाहर होना पड़ा।
टीम इंचार्ज सीमा भाटी ने बताया कि पहला दिन फरीदाबाद टीम के लिए मिला-जुला रहा। अंडर-17 टीम ने जीत के साथ दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया। वहीं, अंडर-19 टीम को कांटे की टक्कर के बीच हार झेलनी पड़ी। उन्होंने बताया कि आज अंडर-14 और अंडर-17 दोनों टीमों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।