पलटने के बाद दूसरी गाड़ी से टकराई
हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर एक घंटे का जाम लग गया
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 स्थित एस्कॉर्ट मुजेसर मेट्रो स्टेशन के पास दिल्ली से पलवल की ओर आ रही एक गाड़ी तेज रफ्तार के कारण 5 बार पलट गई। पलटने के दौरान गाड़ी आगे चल रही दूसरी गाड़ी से टकरा गई। इस हादसे में दोनों गाड़ियां पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं, लेकिन दोनों चालक सुरक्षित हैं। हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर करीब एक घंटे का जाम लग गया। क्षतिग्रस्त गाड़ियों को हटाने के लिए क्रेन की मदद ली गई।
मंगलवार दोपहर दो बजे दिल्ली से पलवल की ओर तेज रफ्तार से एक गाड़ी आ रही थी। तभी एस्कॉर्ट मुजेसर मेट्रो स्टेशन के पास चालक का रफ्तार पर संतुलन नहीं बना और गाड़ी 5 बार पलट गई। गाड़ी पलटने से आगे चल रही दूसरी गाड़ी से टकरा गई। इस हादसे में एक गाड़ी का एयरबैग खुल गया जिसकी वजह से चालक सुरक्षित था। दूसरी गाड़ी के चालक की गाड़ी पीछे से क्षतिग्रस्त हो गई है। इस हादसे में दोनों चालक सुरक्षित है। हादसे की वजह से दिल्ली से पलवल की ओर जाने वाले लोगों को एक घंटे जाम की समस्या से जूझना पड़ा। जाम इतना लंबा था कि उसका असर अजरौंदा चौक तक देखने को मिला। करीब एक घंटे के बाद क्रेन की मदद से गाड़ियों को हटाया गया और जाम को खुलवाया गया। जाम के दौरान ट्रैफिक पुलिस के साथ-साथ सेक्टर 11 पुलिस चौकी के कर्मचारी भी मौजूद थे। पुलिस चौकी इंचार्ज मोहित ने बताया कि हादसे की वजह से जाम लग गया था। उस जाम को खुलवाने के लिए पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद रहे।