सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनाने के लिए अब 675 करोड़ में होंगे विकास कार्य
हेमलता
फरीदाबाद। ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में आने वाले मरीजों को अब और भी आधुनिक तरीके से उपचार दिया जाएगा। सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल अब 625 की बजाय 675 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा। इसमें आईसीयू के बेड के साथ इमरजेंसी के बेड की संख्या में इजाफा किया जाएगा। साथ ही मरीजों के परिजनों के ठहरने के लिए विश्राम भवन भी बनाया जाएगा। इसी वजह से अभी निर्माण कार्य शुरू होने में देरी हो रही है। इसी को लेकर बजट में 50 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी की गई है।
एनआईटी-3 स्थित ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में मरीजों को बेहतर सुविधा देने के लिए 29 अक्तूबर 2024 को धनतेरस वाले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये 500 बेड के अस्पताल की आधारशिला रखी थी। यह नया सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल होगा। इस अस्पताल को पुरानी बिल्डिंग को तोड़कर करीब 5 एकड़ में 10 मंजिला बनाया जाएगा। डीन डॉ. अनिल कुमार पांडे ने बताया कि अस्पताल का निर्माण कार्य शुरू होने में देरी हो रही है। इसका फायदा मरीजों को भविष्य में मिलेगा। मरीजों को बेहतर सुविधा देने के लिए इमरजेंसी और आईसीयू में बेड की संख्या बढ़ाई जाएगी। इसके अलावा हर वार्ड में एचडीयू बनाने के लिए भी कहा गया है । पुराने भवन की जगह बनने वाले नए अस्पताल में कैंसर, हृदय रोग, न्यूरोलॉजी जैसी गंभीर बीमारियों के उपचार की उन्नत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
कंपनी को दिया जाएगा ठेका
योजना के तहत अस्पताल का निर्माण 625 करोड़ रुपये की लागत से किया जाना था लेकिन अब यह बजट बढ़कर 675 करोड़ के करीब पहुंच गया है। जिसमें कई नई सुविधाओं को जोड़ा गया। पहले इसका निर्माण कार्य केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) की ओर से किया जाना प्रस्तावित था, लेकिन अब इसका निर्माण कार्य कंपनी को दिया जाएगा जो जल्द से जल्द अस्पताल को बनाकर दे देगी।