अस्पताल में मरीजों को हो रहीं परेशानियों को लेकर हुई चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। एनआईटी 3 स्थित ईएसआईसी अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज में मंगलवार को डीन और जिले के उद्यमियों के बीच के अस्पताल से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा हुई। उद्योगपतियों के साथ संवादात्मक सत्र नाम से आयोजित की गई इस चर्चा के दौरान फरीदाबाद के उद्यमियों ने ईएसआईसी लाभार्थियों को होने वाली समस्याओं, ईएसआईसी की कार्यप्रणाली और रोगी सेवा को और बेहतर बनाने पर सुझाव भी दिए।
फरीदाबाद आईएमटी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष हेमंत शर्मा ने उद्योग प्रतिनिधि के रूप में कहा कि अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की भारी कमी है, विशेषकर ऑर्थोपेडिक एवं स्किन स्पेशलिस्ट की । इसके चलते मरीजों को परेशानी होती है। साथ ही इलाज के दौरान अत्यधिक कागजी प्रक्रिया और प्रक्रियात्मक जटिलताएं मरीजों के लिए बड़ी बाधा हैं। इनका हल अस्पताल को जल्द तलाशना चाहिए जिससे कि मरीजों को परेशानी ना हो।
इसके अलाव उन्होंने स्टाफ के व्यवहार के बारे में कहा कि कुछ मामलों में स्टाफ के व्यवहार से जुड़ी समस्याएं भी सामने आती हैं। इस पर प्रशासन को ध्यान देने की जरूरत है। वहीं अंत में उन्होंने आईएमटी में ईएसआई डिस्पेंसरी नहीं होने के कारण लोगों को रही समस्याओं की बात भी रखी। सभी चीजें सुनने के बाद अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज के डीन चव्हाण कालिदास दत्तात्रेय ने कहा कि पिछले कुछ महीनों में कई योजनाएं शुरू की गई हैं। जल्द ही इन समस्याओं का भी हल किया जाएगा।
इस चर्चा के दौरान एचएल भूटानी, वीरभान शर्मा, एसके महतानी, रमेश अरोड़ा, मनोज नागर, कुलदीप सिंह, नरेश वर्मा, सुरेश चंद गर्ग सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।