शहर के कई सेक्टरों और सोसाइटियों में पूर्वांचल के लोगों की बड़ी आबादी रहती है
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। छठ का त्योहार नजदीक है। शहर में जगह-जगह पुराने घाटों की सफाई व नए घाटों के निर्माण का कार्य हो रहा है। शहर के कई सेक्टरों और सोसाइटियों में पूर्वांचल के लोगों की बड़ी आबादी रहती है। ऐसे क्षेत्रों में बल्लभगढ़ सेक्टर तीन, चार, 22, 23 और 52, डबुआ कॉलोनी, संजय नगर, पल्ला, बसंतपुर आदि प्रमुख हैं।
बल्लभगढ़ सेक्टर 3 के प्रधान और पूर्वांचल विकास संघ के अध्यक्ष सुदिश यादव ने बताया कि सेक्टर तीन की आबादी करीब 42000 है। इलाके की बहुतायत जनता मूल रूप से पूर्वांचल की रहनी वाली है। क्षेत्र में छठ को लेकर लोगों में खासा उत्साह रहता है। उन्होंने कहा कि पिछले छह दिनों से घाट की साफ-सफाई और रंगाई-पोताई का काम चल रहा है। आधे से ज्यादा काम किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि त्योहार 25 अक्तूबर से ही शुरू हो जाएगा, इस लिए तेजी से साफ-सफाई व मरम्मत का कार्य किया जा रहा है।
वहीं सेक्टर तीन के प्रधान व पूर्वांचल छठ पूजा सेवा समिति के अध्यक्ष अखिलेश सिंह ने बताया कि उनकी समिति ने भी घाटों की मरम्मत और सफाई का काम तेज कर दिया है। लगभग काम पूरा कर लिया गया है। त्योहार के एक दिन पहले ही घाटों में पानी भर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि त्योहार के दौरान प्रतिदिन पंप लगाकर घाटों से पानी निकाल कर फिर से पानी भरा जाता है और परिसर से गंदगी को साफ किया जाता है।
छठ पूजा को लेकर सेक्टर-4 में भी काफी उत्साह है। नवयुवक दुर्गा पूजा समिति ने साफ-सफाई का काम तेज कर दिया है। समिति के सदस्य इंद्र देव ने बताया कि इलाके की आबादी ज्यादा है और मंदिर परिसर में जगह कम है लेकिन हम हर साल छठ पूजा का सफल आयोजन करते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चे से लेकर बूढ़े तक घाटों की सफाई में लगे हैं। सफाई का काम जारी है। जल्द ही घाट पूजा के लिए तैयार हो जाएंगे।
दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष व सेक्टर तीन के प्रधान चनिक लाल मंडल ने बताया कि उनके इलाके में जिस जगह छठ पूजा का आयोजन किया जाता था, उस जगह से बाईपास सड़क गुजर गई, जिसकी वजह से छठ पूजा के आयोजन के लिए दूसरी जगह घाट तैयार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नए सिरे से तैयारियां करनी पड़ रही हैं। घाट बनना शुरू हो गया है और जल्द ही काम को पूरा कर लिया जाएगा।
वहीं डबुआ कॉलोनी के प्रधान ओम प्रकाश ने बताया कि छठ पूजा के लिए घाट की सफाई का काम पूरा कर लिया गया है। अब घाट परिसर को सजाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 25 अक्तूबर से पहले सारी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी।