जिले के 19 शिक्षकों को मास्टर ट्रेनर के रूप में तैयार किया जाएगा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बाल वाटिका से पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को खेल-खेल में अंग्रेजी, हिंदी व गणित के सूत्र सिखाए जाएंगे। इसके लिए जिले के 19 शिक्षक को मास्टर ट्रेनर के रूप में तैयार किया जाएगा। जो प्रशिक्षण लेने के बाद जिले के करीब पांच सौ से अधिक शिक्षकों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षित करेंगे। वहीं, हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से स्कूलों में साप्ताहिक कार्य योजना भी तैयार की जाएगी।
जिले की 238 बाल वाटिका में पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को नई शिक्षण पद्धति के माध्यम से पढ़ाया जाएगा। इसके लिए विभाग की ओर से शेड्यूल व अकादमिक योजना भी तैयार की गई है। ताकि गणित और अंग्रेजी को सरल भाषा में समझाया जा सके। इससे विद्यार्थियों को किसी भी विषय में रट्टा मारने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसके लिए निपुण हरियाणा मिशन के तहत जिले के शिक्षकों को तैयार किया जा रहा है। निपुण हरियाणा की जिला संयोजक डॉ. अविनाशा शर्मा ने बताया कि इसके लिए योजना तैयार कर ली गई। मास्टर ट्रेनर स्कूल के शिक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे।