बल्लभगढ़, न्यू टाउन फरीदाबाद व फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर यात्री परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। मथुरा से दिल्ली की ओर जाने वाली ईएमयू ट्रेनों के लेट होने से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासतौर पर ट्रेन संख्या 64053, 64905, 64903 बल्लभगढ़ से होकर दिल्ली की ओर जाती है। बल्लभगढ़, न्यू टाउन फरीदाबाद व फरीदाबाद रेलवे स्टेशन से सैकड़ों यात्री इसमें यात्रा करते हैं।
यात्रियों का कहना है मथुरा से दिल्ली जाने वाली ईएमयू ट्रेन रोजाना सुबह 6:15 बजे बल्लभगढ़ स्टेशन पर पहुंचनी चाहिए वह अब 7:30 बजे या उसके बाद ही आ रही है। रोजाना ऑफिस, कॉलेज और अन्य कार्यों के लिए यात्रा करने वाले लोगों के लिए ट्रेन की यह देरी अब आदत बन चुकी है।
यात्रियों ने बताया कि सिर्फ सुबह की ट्रेन ही नहीं बल्कि शाम को दिल्ली से बल्लभगढ़ की ओर लौटने वाली कई ईएमयू ट्रेनें भी हमेशा देरी से चलती हैं। इससे लोग वैकल्पिक साधनों का सहारा लेते हैं जिससे खर्च भी बढ़ जाता है और थकान भी।
रेलवे से यात्रियों की मांग है कि ट्रेनों के संचालन में समयबद्धता लाई जाए और स्टेशन पर डिजिटल डिस्प्ले व घोषणाओं के माध्यम से ट्रेनों की स्थिति की सटीक जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
टिकट चेकिंग में पकड़े गए 76 यात्री, 20,940 रुपये वसूले
रेलवे सुरक्षा बल और टिकट चेकिंग स्टाफ की टीम ने 19 जुलाई को फरीदाबाद और पलवल रेलवे स्टेशन पर विशेष टिकट जांच अभियान चलाया। लोकल ईएमयू ट्रेनों में अवैध यात्रा की शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की गई। चेकिंग के दौरान कुल 76 यात्री अवैध रूप से यात्रा करते पाए गए, जिनमें 69 बिना टिकट यात्री थे और 7 यात्री बिना बुक किए सामान के साथ पकड़े गए। सभी पर मौके पर 20,940 रुपये का जुर्माना और किराया वसूला गया। यह कार्रवाई फरीदाबाद के वाणिज्यिक प्रबंधन निरीक्षक राजेश कुमार और रेलवे सुरक्षा बल की निगरानी में की गई। चेकिंग टीम में कुल 8 सदस्य 4 टिकट चेकिंग अधिकारी और 4 आरपीएफ कर्मी शामिल रहे।
वर्जन
मैं रोज सुबह दिल्ली ऑफिस जाती हूं। ट्रेन अगर समय पर न आए तो ऑफिस लेट पहुंचती हूं और सैलरी कट जाती है। 6:15 की जगह 7:30 बजे ट्रेन आना अब रोज की बात हो गई है। बहुत परेशानी हो रही है।- कृति चौहान
सिर्फ सुबह ही नहीं, शाम को भी मथुरा जाने वाली ट्रेनें समय पर नहीं चलतीं। कोई जानकारी नहीं मिलती कि ट्रेन कितनी लेट है। रेलवे को इस पर ध्यान देना चाहिए, ये रोज की परेशानी बन गई है। - पुष्पा