शिवालिक कंपनी में ओवरटाइम का भी सही तरीके से नहीं किया जाता भुगतान
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-6 स्थित शिवालिक कंपनी के बाहर सोमवार सुबह सैकड़ों की संख्या में कर्मचारी एकत्रित होकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। वर्करों ने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा न्यूनतम वेतन बढ़ाए जाने के बावजूद कंपनी प्रबंधन उनकी सैलरी में बढ़ोतरी नहीं कर रहा है, जिससे महंगाई के इस दौर में उन्हें गुजारा करना मुश्किल हो गया है।
प्रदर्शन कर रहे मजदूरों का कहना है कि वे कई-कई वर्षों से कंपनी में काम कर रहे हैं, लेकिन आज भी उन्हें पुरानी दरों पर ही वेतन दिया जा रहा है। बिहार के रहने वाले एक कर्मचारी ने बताया कि वह पिछले 20 साल से कंपनी में कार्यरत हैं और उनके पिता भी इसी कंपनी में काम करते थे, इसके बावजूद उनकी सैलरी में कोई खास बढ़ोतरी नहीं हुई है।
महिला कर्मचारियों ने भी कंपनी प्रबंधन पर ओवरटाइम का पूरा भुगतान न करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि उनसे नियमित रूप से अतिरिक्त समय तक काम कराया जाता है, लेकिन उसके बदले पूरा पैसा नहीं दिया जाता। उन्होंने बताया कि वर्तमान में उन्हें 10 से 12 हजार रुपये के बीच वेतन मिल रहा है, जो बढ़ती महंगाई के मुकाबले बेहद कम है। कर्मचारियों ने बताया कि कंपनी प्रबंधन ने उन्हें दो दिन का समय दिया है और यदि इस अवधि में न्यूनतम वेतन के अनुसार वेतन नहीं बढ़ाया गया तो वे पूरी तरह से काम बंद कर देंगे।
प्रदर्शन की सूचना मिलने पर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और कर्मचारियों को समझाकर शांत कराया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई। आश्वासन मिलने के बाद कर्मचारी अपने काम पर लौट गए। वहीं कंपनी प्रबंधन की ओर से बताया गया कि कर्मचारियों के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत जारी है और जल्द ही किसी समाधान पर पहुंचने की उम्मीद है।
हम कई साल से कंपनी में काम कर रहे हैं, लेकिन आज भी पुरानी दरों पर वेतन मिल रहा है। बढ़ती महंगाई में गुजारा करना मुश्किल हो गया है।-अनिल सैनी
सरकार ने न्यूनतम वेतन बढ़ाया है, लेकिन कंपनी उसे लागू नहीं कर रही है। हमें हमारा हक मिलना चाहिए।-विवेक शर्मा
ओवरटाइम कराने के बावजूद उसका पूरा भुगतान नहीं दिया जाता, जिससे आर्थिक परेशानी बढ़ रही है।-दीपेंद्र सिंह
अगर दो दिन में वेतन नहीं बढ़ाया गया तो हम पूरी तरह से काम बंद करने को मजबूर होंगे।-मोहम्मद नसीम