रोडवेज के चालक ने नेशनल हाईवे के बीच बस खड़ी करके लगाया जाम, लोगों को हुई परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। रोडवेज और निजी बस चालक के बीच सवारियों को लेकर रविवार की सुबह कहासुनी हो गई। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि निजी बस के कर्मचारियों ने रोडवेज बस के चालक और परिचालक के साथ मारपीट की। जिस पर रोडवेज बस के चालक ने बस को नेशनल हाईवे के बीच में लगाकर जाम लग दिया। जाम के कारण करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं जाम को खोलने के बाद डिपो से साढ़े तीन घंटे तक एक भी बस नहीं चलाई गई।
रोडवेज बस चालक हेमंत व परिचालक दीपक ने बताया कि वह रोजाना की तरह आगरा रूट पर जाने के लिए बस को डिपो से लेकर निकले थे। जैसे ही वह बस स्टैंड चौकी के पास बस को लगाकर सवारियों को बैठा रहे थे तभी उनकी बस के आगे एक निजी बस आकर खड़ी हो गई, जोकि आगरा ही जा रही थी। उनका आरोप है कि निजी बस का चालक व परिचालक सहित अन्य कर्मचारी रोडवेज बस में बैठने वाली सवारियों को बैठने से मना कर रहे थे, साथ ही सवारियों से कह रहे थे कि रोडवेज बस उनकी बस के बाद में जाएगी। जिसका परिचालक ने विरोध किया तो निजी बस के परिचालक ने दीपक के साथ हाथापाई शुरू कर दी। इस दौरान रोडवेज बस चालक हेमंत भी बीच बचाव करने के लिए आ गया तो निजी बस के सभी कर्मचारी उनके साथ मारपीट करने लगे।
दूसर बस के चालक-परिचालक ने किया बीच बचाव
रोडवेज बस के चालक, परिचालक के साथ मारपीट होने पर पीछे से अलीगढ़ रूट पर चलने वाली बस के चालक राजवीर और परिचालक जिले भी आ गए। उन्होंने बीच बचाव किया। आरोप है कि इस दौरान पुलिस चौकी के बाहर पुलिसकर्मी मौजूद था लेकिन उसने कोई सुनवाई नहीं की। जिसके बाद इस घटना की सूचना रोडवेज यूनियन को दी गई। उन्होंने मौके पर पहुंचकर रोडवेज बस को रोड के बीच में लगा दिया। करीब आधे घंटे तक बस रोड के बीच में खड़ी रही।
नारेबाजी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
कर्मचारियों का आरोप है कि बस स्टैंड चौकी के बाहर नारेबाजी करने के बाद पुलिस बाहर आई। काफी संख्या में पुलिसकर्मी व सिटी थाने के प्रभारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने रोडवेज यूनियन से बस को हटाने के लिए कहा। करीब आधे घंटे के बाद सवा आठ बजे बस को रोड से हटाया गया और जाम को खोला गया। इस दौरान दिल्ली से पलवल की ओर जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
एसीपी तिगांव अशोक कुमार ने मौके पर पहुंचकर रोडवेज कर्मचारियों की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर निजी बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। वहीं उन्होंने आश्वासन दिया है कि आरटीओ विभाग की टीम चौकी के अंदर मौजूद रहेगी और सभी अवैध वाहनों के चालान करेगी। आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने धरना प्रदर्शन खत्म कर रूटों पर बसों का संचालन शुरू किया।