मेयर कैंप कार्यालय में समीक्षा बैठक की गई आयोजित
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शहर की विधानसभा 89 क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की रफ्तार और जनसमस्याओं के समाधान को लेकर मेयर कैंप कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र से जुड़े लंबित कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करने और आगामी बरसात से पहले जल निकासी की व्यवस्था मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक की अध्यक्षता मेयर प्रवीण बत्रा जोशी ने की। इस दौरान निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा, जॉइंट कमिश्नर राजेश कुमार, स्पेशल ऑफिसर सेनिटेशन एशवीर सिंह, मुख्य अभियंता सहित सिविल, विद्युत और बागवानी शाखा के कार्यकारी, सहायक और कनिष्ठ अभियंता मौजूद रहे। क्षेत्र के पार्षदों ने भी अपने-अपने वार्ड से जुड़े मुद्दे बैठक में उठाए।
बैठक में स्वच्छता व्यवस्था, सीवरेज लाइन की मरम्मत, टूटी सड़कों की स्थिति, स्ट्रीट लाइटों की खराबी, जल निकासी की समस्या और पार्कों के रखरखाव जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जिन इलाकों में बरसात के दौरान पानी भरने की समस्या रहती है वहां समय रहते पुख्ता इंतजाम किए जाएं। फ्लड से संबंधित सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने पर सहमति बनी ताकि नागरिकों को बारिश में आवागमन में परेशानी न हो।
मेयर ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और नागरिकों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। निगम आयुक्त ने भी अधिकारियों को चेताया कि कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में यह भी तय किया गया कि सभी विभाग एजेंडा बिंदुओं पर समयबद्ध कार्रवाई करते हुए प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे, जिससे विधानसभा 89 क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिल सके और आम लोगों को बुनियादी सुविधाओं का लाभ समय पर मिल पाए।