फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Faridabad News: बिजली उपभोक्ताओं से संवाद मजबूत करने पर जोर, शिकायतों के त्वरित समाधान के निर्देश

विज्ञापन
विज्ञापन
विशेष ऊर्जा सचिव विक्रम सिंह ने की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक, एनआईटी शिकायत केंद्र का भी किया निरीक्षण
विज्ञापन


अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते बिजली लोड के बीच बिजली उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं देने के लिए बिजली निगम ने अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। हरियाणा के विशेष ऊर्जा सचिव एवं डीएचबीवीएन-यूएचबीवीएन के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने शनिवार को आयोजित उच्च स्तरीय ऑनलाइन समीक्षा बैठक में साफ कहा कि उपभोक्ताओं से बेहतर संवाद बनाए रखना बेहद जरूरी है और शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में फरीदाबाद के अधिकारी व्यक्तिगत रूप से शामिल हुए, जबकि डीएचबीवीएन, यूएचबीवीएन और एचवीपीएन के निदेशक, मुख्य अभियंता एवं अधीक्षण अभियंता ऑनलाइन जुड़े। इस दौरान गुरुग्राम स्थित 220 केवी सबस्टेशन पर शुक्रवार रात हुई तकनीकी घटना की समीक्षा की गई, जिसमें करंट ट्रांसफार्मर (सीटी) जलने के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई थी।
विज्ञापन


प्रबंध निदेशक ने गुरुग्राम सर्कल-1 और सर्कल-2 के अधीक्षण अभियंताओं से बिजली बहाली की क्रमवार जानकारी ली और एचवीपीएन अधिकारियों को जरूरी उपकरण एवं सीटी जैसी सामग्री अग्रिम रूप से उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में बढ़ते बिजली भार को देखते हुए सभी सर्कलों में पर्याप्त तकनीकी सामान उपलब्ध होना चाहिए ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

24 घंटे उपलब्ध रहें अधिकारी

विक्रम सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ऑपरेशन और फील्ड से जुड़े अधिकारियों को गैर-जरूरी कार्यों में न लगाया जाए। उन्होंने कहा कि आपात परिस्थितियों में सभी अधिकारी 24 घंटे उपलब्ध और सतर्क रहें, ताकि बिजली आपूर्ति बाधित होने पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि उपभोक्ताओं के फोन कॉल, सोशल मीडिया संदेश, ईमेल और शिकायतों का तत्काल जवाब देना सुनिश्चित करें। टोल फ्री नंबर 18001804334, 1912 और स्थानीय शिकायत केंद्रों पर आने वाली शिकायतों का समयबद्ध समाधान करने के निर्देश भी दिए गए।

शिकायतों पर संवेदनशीलता दिखाने के निर्देश

बैठक में प्रबंध निदेशक ने कहा कि बिजली कटौती, फॉल्ट, बिलिंग विवाद या अन्य तकनीकी समस्याओं के दौरान उपभोक्ताओं को लगातार जानकारी देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि यदि फोन रिस्पॉन्स या शिकायत निस्तारण को लेकर शिकायतें उच्च अधिकारियों तक पहुंचती हैं तो इससे निगम की कार्यप्रणाली पर नकारात्मक असर पड़ता है।

इसी को देखते हुए फील्ड स्टाफ, शिकायत केंद्रों और संबंधित शाखाओं को उपभोक्ताओं के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने और शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही उपभोक्ताओं को यह जानकारी देने को भी कहा गया कि उनकी शिकायत पर क्या कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन


एनआईटी शिकायत केंद्र का किया निरीक्षण

बैठक के बाद विक्रम सिंह ने एनआईटी फरीदाबाद स्थित शिकायत केंद्र का निरीक्षण भी किया। उन्होंने शिकायत दर्ज होने से लेकर समाधान और उपभोक्ता फीडबैक तक की पूरी प्रक्रिया की जानकारी ली और कर्मचारियों के कार्य की सराहना की। इस दौरान अधीक्षण अभियंता जितेंद्र ढुल और कार्यकारी अभियंता उर्मिला ग्रेवाल सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। निगम प्रबंधन ने कहा कि उपभोक्ताओं को निर्बाध और बेहतर बिजली सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें